Saturday, June 20
Shadow

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में रह रहे पश्चिम बंगाल के लोगों को दी शुभकामनाएं

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना के अंतर्गत आज लोक भवन में पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश में रह रहे पश्चिम बंगाल के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा सद्भावना और सांस्कृतिक भाईचारे के प्रतीक स्वरूप उन्हें पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर लोगों के साथ संवाद करते हुए राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं, साहित्यिक उत्कृष्टता और राष्ट्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित किए जाने वाले मिलन कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हैं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा समन्वय के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों में सौहार्द और अपनत्व की भावना को मजबूत बनाता हैं। इससे अपने गृह राज्यों से दूर रह रहे लोग अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं और राष्ट्रीय परिवार का अभिन्न अंग भी बनते हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम भारत की भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता में एकरूपता के दर्शन करवाता है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है इसके साथ-साथ विभिन्न राज्यों की विशिष्ट संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन भी बहुत जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर, मूल्यों और परंपराओं से युवाओं को जोड़कर समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, त्योहारों, साहित्य, कला और खान-पान से संबंधित जानकारी साझा की।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *