Wednesday, June 17
Shadow

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की प्रशिक्षण कार्यशाला दूसरे दिन भी जारी

मंडी, 17 जून।राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के 81वें दौर के अंतर्गत प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस) के सफल संचालन के लिए आयोजित चार दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण सह विचार-विमर्श कार्यक्रम दूसरे दिन भी जारी रहा। मुनीष  रिजॉर्ट, मंडी में 16 से 19 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
 प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 16 जून को उप महानिदेशक दीपक मेहरा की अध्यक्षता में हुआ था। उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय कार्यालय शिमला के उप निदेशक अजय कुमावत, मुख्यालय के उप निदेशक डॉ अखिलेश झा तथा सहायक निदेशक एवं प्रभारी अमित कुमार भी उपस्थित रहे थे।
सहायक निदेशक एवं प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रवासन सर्वेक्षण के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और इसके विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण से संबंधित विषयों पर भी गहन प्रशिक्षण और विचार-विमर्श किया जा रहा है, ताकि इन सर्वेक्षणों का संचालन प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जा सके।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय शिमला, उप-क्षेत्रीय कार्यालय मंडी, हमीरपुर एवं धर्मशाला के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। आगामी दिनों में प्रतिभागियों को सर्वेक्षण प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता संवर्धन के साथ-साथ सांख्यिकीय आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। यह कार्यशाला 19 जून तक जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *