Friday, June 5
Shadow

आईटीआई कोटली में “भविष्य सेतु” करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

मण्डी05 जून। जिला रोजगार कार्यालय मण्डी एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कोटली के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईटीआई कोटली में “भविष्य सेतु” करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कोटली जे.सी. शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

जे.सी. शर्मा ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं, रोजगारपरक योजनाओं, करियर विकल्पों तथा स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार कार्यालय में उपलब्ध करियर परामर्श, रोजगार पंजीकरण तथा विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में अवगत करवाया।

कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग से कनिष्ठ अभियंता देव राज एवं अभिषेक गुलेरिया ने विद्युत क्षेत्र में रोजगार एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं कश्मीर, सांख्यिकी सहायक ने सांख्यिकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों पर प्रकाश डाला। रोजगार विभाग से विजय कुमार (जेओए-आईटी) एवं धर्म चन्द (जेओए-आईटी) ने विद्यार्थियों को रोजगार सेवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा ऑनलाइन रोजगार पोर्टल के बारे में जानकारी दी।

आईटीआई कोटली से नवीन कुमार (जेओए-आईटी), नीरज अवस्थी (अनुदेशक) तथा ईश्वर दास (फोरमैन) ने तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षुता तथा उद्योगों में उपलब्ध रोजगार अवसरों के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को निरंतर विकसित करने तथा तकनीकी शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर एवं रोजगार अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

अंत में जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि जे.सी. शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, आईटीआई कोटली के प्रधानाचार्य, स्टाफ एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *