Friday, June 19
Shadow

प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल

स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां ब्लाइंड पर्सन्स एसोसिएशन और नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाइंड्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 100 प्रतिशत दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 1,700 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। इस वृद्धि से प्रदेश के लगभग 7,000 दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न विभागों में दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लगभग 311 पद रिक्त हैं, जिनमें से 174 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भर्ती के अंतर्गत शिक्षा विभाग में 41 पद, पशुपालन विभाग में 13 पद, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 4 पद तथा शेष पद अन्य विभागों में शामिल हैं।
डॉ. शांडिल ने कहा कि हिम बस कार्ड के माध्यम से परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा, दृष्टिबाधित कर्मचारियों के लिए कौशल प्रशिक्षण, राज्य में दिव्यांगजनों के लिए स्वतंत्र राज्य आयुक्त की नियुक्ति, सहारा पेंशन योजना से जुड़े मुद्दों तथा मंडी जिले के सुंदरनगर और शिमला जिले के ढली में संचालित दिव्यांगजनों के विशेष विद्यालयों से संबंधित विषयों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने ब्लाइंड पर्सन्स एसोसिएशन और नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाइंड्स के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े सभी मुद्दों और चिंताओं के प्रति संवेदनशील है।
डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसका लाभ दिव्यांग व्यक्तियों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं ब्लाइंड पर्सन्स एसोसिएशन और नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाइंड्स के कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के विषय को संबंधित प्राधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।
बैठक में ईसोमसा के निदेशक सुमित खिमटा, अतिरिक्त निदेशक डॉ. भावना, ब्लाइंड पर्सन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शोभू राम और उपाध्यक्ष शिशु पाल मेहता, नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाइंड्स के विभिन्न प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.0.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *