Monday, May 4
Shadow

पोषण पखवाड़ा के तहत चोलथरा व जमसाई में ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित

धर्मपुर (मंडी), 20 अप्रैल। बाल विकास परियोजना धर्मपुर के अंतर्गत पोषण पखवाड़ा के अवसर पर चोलथरा और जमसाई सर्कल में दो ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों की अध्यक्षता  बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने की। उन्होंने सही पोषण-देश रोशन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा कुपोषण को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

शिविरों में समुदाय को संतुलित पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, मातृ एवं शिशु पोषण, एनीमिया की रोकथाम, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था में मस्तिष्क विकास जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों में अधिक स्क्रीन समय के प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि  पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक परियोजना धर्मपुर क्षेत्र में मनाया जा रहा है, जिसमें सभी 261 आंगनवाड़ी केंद्र सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं तथा संबंधित विवरण जन आंदोलन डैशबोर्ड पर अपलोड किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो रही है।

दोनों शिविरांे में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषण युक्त व्यंजनों का प्रदर्शन किया तथा स्वयं तैयार शिक्षण-अधिगम सामग्री का भी प्रदर्शन किया, जिससे समुदाय को सरल और व्यवहारिक माध्यम से पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दीक्षा ठाकुर, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता स्मृति राणा तथा पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता गौरव राठौर सहित रोटरी क्लब के सदस्य, अंजू देवी, ब्लॉक समन्वयक सहित पर्यवेक्षकगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *